सागर
शहर के व्यस्त राधा तिराहे पर चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल का सख्त और प्रभावशाली अंदाज़ चर्चा का विषय बन गया। शनिवार रात नशे में धुत एक बाइक चालक ने पुलिस के रुकने के संकेत को नजरअंदाज कर भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
जांच के दौरान युवक ने कथित राजनीतिक रसूख दिखाकर पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। जब पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई जारी रखी तो वह बाइक छोड़कर भागने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने एक पुलिसकर्मी की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया और बाद में थाना प्रभारी मनीष सिंघल के साथ भी अभद्रता करते हुए उनकी वर्दी खींचने का प्रयास किया।
स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तत्काल सख्ती दिखाते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने युवक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किया तथा उसका वाहन जब्त कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस की तत्परता और कानून के प्रति सख्त रवैये की सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने और पुलिस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आवश्यक है, ताकि कानून का सम्मान बना रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। राधा तिराहे पर हुई यह कार्रवाई अब शहरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इसे टीआई मनीष सिंघल के “सिंघम अंदाज़” से जोड़कर देख रहे हैं।









