सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दिया सिटीजन फीडबैक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर रैंकिंग के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील, कहा- “स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ सागर के निर्माण में निभाएं अपनी भूमिका”
सागर

प्रतिभा पाल ने स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर को अग्रणी बनाने के उद्देश्य से अपना सिटीजन फीडबैक दर्ज कराया। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने नगर निगम द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बेहतर प्लानिंग के साथ अधिकतम अंक प्राप्त करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने कहा कि पिछले वर्षों में जिन मापदंडों में कम अंक मिले थे, उनमें प्राथमिकता से सुधार कर इस बार सभी 12,500 अंकों को प्राप्त करने का प्रयास किया जाए।
उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सागर को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रशासन और नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। घरों और प्रतिष्ठानों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग कर कचरा वाहन में ही दें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। बाजार क्षेत्रों के दुकानदारों और ठेला-रहड़ी संचालकों से भी साफ-सफाई बनाए रखने और डस्टबिन का उपयोग करने की अपील की गई।
कलेक्टर ने कहा कि नगर निगम की टीम नियमित सफाई, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं के विकास के माध्यम से शहर को बेहतर बनाने में जुटी है। नागरिकों का सकारात्मक सहयोग सागर को स्वच्छता में नई पहचान दिलाएगा।
उन्होंने सभी नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत सिटीजन फीडबैक अवश्य देने और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ शहर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Leave a Comment

और पढ़ें