500 साल पुराने ठाकुर जी मंदिर की भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप, महंत ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पाटन

तहसील क्षेत्र के बक्शीपुरा गांव स्थित लगभग 500 वर्ष प्राचीन श्री ठाकुर जी सीताराम जी मंदिर की माफी भूमि पर कथित रूप से अवैध कब्जे और खेती करने के प्रयास का मामला सामने आया है। मंदिर के महंत बलबीर दास ने पुलिस थाना पाटन में शिकायत दर्ज कराते हुए कुछ लोगों पर मंदिर की भूमि में जबरन प्रवेश करने, खेती शुरू करने तथा विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
महंत द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार राजस्व ग्राम बक्शीपुरा में स्थित मंदिर की लगभग 9.76 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में मंदिर श्री ठाकुर जी सीताराम जी के नाम दर्ज है। आरोप है कि 10 जून 2026 को कुछ लोग ट्रैक्टर एवं कृषि उपकरण लेकर भूमि पर पहुंचे और कब्जा कर खेती करने का प्रयास किया।
महंत बलबीर दास का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्र व्यवहार किया तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मंदिर की भूमि के अवैध क्रय-विक्रय का प्रयास कर रहे हैं।
मामले के सामने आने के बाद ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त बताया जा रहा है। महंत ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार वर्ष 2022 में ग्रामीणों के सहयोग से मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया था तथा जनवरी 2026 में बलबीर दास को विधिवत मंदिर का महंत नियुक्त किया गया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में भी कुछ लोगों द्वारा मंदिर की धार्मिक परंपराओं एवं संपत्ति को प्रभावित करने के प्रयास किए गए थे।
महंत ने पुलिस प्रशासन से मंदिर की भूमि पर किए जा रहे कथित अतिक्रमण एवं कृषि कार्य को तत्काल रुकवाने, भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर मंदिर एवं महंत को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Comment

और पढ़ें