केसरवानी महिला सभा के समर कैंप में बच्चों ने सीखे संस्कार, योग और रचनात्मकता के गुण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आठ दिवसीय शिविर के पांचवें दिन क्राफ्ट, जुम्बा, योग और मनोरंजक गतिविधियों में बच्चों ने दिखाया उत्साह

सागर।
केसरवानी महिला सभा के तत्वावधान में आयोजित आठ दिवसीय समर कैंप का पांचवां दिन मंगलवार को उत्साह, रचनात्मकता और संस्कारमयी गतिविधियों के साथ सम्पन्न हुआ। बच्चों ने संस्कार, योग, कला एवं मनोरंजक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिदिन की भांति संस्कार क्लास से हुआ। इस दौरान बच्चों को प्रभु से जुड़ने का महत्व, प्रार्थना करने की सही विधि तथा धार्मिक एवं नैतिक मूल्यों की जानकारी दी गई। साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्श चरित्र एवं उनके जीवन से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंगों के माध्यम से बच्चों को जीवन मूल्यों का संदेश दिया गया। संस्कार क्लास का संचालन कु. शिवा केसरवानी द्वारा किया गया।
इसके पश्चात क्राफ्ट गतिविधि में बच्चों को खाली प्लास्टिक की बोतलों को आकर्षक ढंग से सजाकर सुंदर पेन होल्डर बनाना सिखाया गया। इस दौरान बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। यह प्रशिक्षण श्रीमती विश्वआभा अग्रवाल द्वारा प्रदान किया गया।
योग एवं जुम्बा सत्र में कु. नैना केसरवानी एवं कु. लक्मे केसरवानी ने बच्चों को योगाभ्यास एवं जुम्बा का प्रशिक्षण दिया। सभी बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य और फिटनेस के महत्व को समझा।
महिला सभा की सचिव श्रीमती रुक्मणी केसरवानी ने बच्चों को पेंसिल किट एवं पेंसिल वितरित की। वहीं कोषाध्यक्ष श्रीमती नीतू केसरवानी एवं मीडिया प्रभारी श्रीमती प्रिया केसरवानी ने बच्चों को ट्रॉफियां प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा विभिन्न मनोरंजक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिनका बच्चों ने भरपूर आनंद लिया।
कार्यक्रम में महिला सभा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विनीता केसरवानी, नेहा केसरवानी, सुनीता केसरवानी, सुमन गुप्ता, शताक्षी गुप्ता, आयुषी गुप्ता, अनुप्रिया केसरवानी, नीतू केसरवानी, कंचन गुप्ता एवं प्रियंका केसरवानी सहित अनेक सदस्याएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
समर कैंप के माध्यम से बच्चों में संस्कार, अनुशासन, रचनात्मकता एवं आत्मविश्वास का विकास हो रहा है। केसरवानी महिला सभा की यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय प्रयास मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें