जोधपुर,
राजस्थान के बेरोजगार शारीरिक शिक्षक (PTI) अभ्यर्थियों ने बुधवार को PTI भर्ती 2026 में पदों की संख्या बढ़ाने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर, जोधपुर को ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने भर्ती में कम से कम 5000 से अधिक पद शामिल करने तथा भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूर्ण करवाने की मांग की।
राजस्थान बेरोजगार शारीरिक शिक्षक संघ के जोधपुर प्रभारी मोहित गोदारा ने बताया कि प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में शारीरिक शिक्षकों के हजारों पद लंबे समय से रिक्त हैं। राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन विद्यालयों में पर्याप्त संख्या में शारीरिक शिक्षकों की नियुक्ति नहीं होने से इन योजनाओं का पूरा लाभ विद्यार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
एम.एल. चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई कि PTI भर्ती 2026 में सभी रिक्त एवं स्वीकृत पदों को शामिल करते हुए पदों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 5000 से अधिक की जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया को जल्द शुरू कर समयबद्ध, पारदर्शी और मेरिट आधारित तरीके से पूर्ण किया जाए।
अभ्यर्थियों का कहना है कि प्रदेश के हजारों प्रशिक्षित युवा लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे हैं और पदों की संख्या कम होने से योग्य अभ्यर्थियों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान हेमेन्द्र सियोल, छात्र नेता गुलाम यासीन, दिनेश गोदारा, राकेश, नीरज, राजेन्द्र सोलंकी, प्रकाश सोलंकी, सुरेन्द्र सियोल, सुभाष, पंकज सुथार, राकेश ज्याणी, पीयूष, अजयपाल सिंह और जसवंत रामावत सहित बड़ी संख्या में बेरोजगार शारीरिक शिक्षक अभ्यर्थी उपस्थित रहे।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर के PTI अभ्यर्थी व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।









