रिपोर्टर : शिंभू सिंह शेखावत
मारवाड़ जंक्शन। मारवाड़ जंक्शन में जीआरपी थाने में पदस्थ एक कांस्टेबल एवं उसके साथी के साथ कथित रूप से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हो गए, जिनका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जीआरपी थाने में कार्यरत कांस्टेबल गजेंद्र सिंह अपने साथी मुकेश के साथ थाना परिसर के सामने एक आइसक्रीम स्टॉल पर मौजूद थे। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवकों ने उन्हें टक्कर मारी और मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि कांस्टेबल गजेंद्र सिंह द्वारा उनका पीछा किए जाने पर स्कूल के पास चार युवकों ने कथित रूप से लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में कांस्टेबल गजेंद्र सिंह एवं उनके साथी मुकेश घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मारवाड़ जंक्शन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जीआरपी थाना अधिकारी हेमराज गुर्जर की ओर से चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मारवाड़ जंक्शन थाने में मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण करवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।










