मुख्य आरोपी समेत अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, शेष फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिश।
सागर
सागर जिले के शाहपुर में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सानौधा पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इसके साथ ही मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गौरतलब है कि 8 मई 2026 को शराब बेचने के संदेह को लेकर आरोपियों ने सूरज अहिरवार और नीरज प्रजापति के साथ मारपीट की थी। घटना में नीरज प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायल सूरज अहिरवार ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। मामले में हत्या, बलवा, मारपीट एवं एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने लगातार दबिश देकर जागेश्वर लोधी और रोहित लोधी को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल सागर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही हैं।










