सागर में नकली इंजन ऑयल का भंडाफोड़, 9 ड्रम जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सागर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने नकली ब्रांडेड इंजन ऑयल के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए VALVOLINE कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली इंजन ऑयल का भंडार जब्त किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ₹1.08 लाख से अधिक मूल्य का माल बरामद कर एक आरोपी के विरुद्ध कॉपीराइट एवं ट्रेडमार्क अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, VALVOLINE कंपनी के अधिकृत असिस्टेंट मैनेजर अजय कुमार पुंडीर ने थाना सिविल लाइन में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिविल लाइन क्षेत्र स्थित ड्रिलटेक इंटरप्राइजेज में कंपनी के इंजन ऑयल की हूबहू नकल कर नकली उत्पादों का विक्रय एवं भंडारण किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच की।
जांच के दौरान दुकान संचालक निशांत तिवारी (39) निवासी सिविल लाइन, सागर मौके पर मिला। कंपनी के विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण करने पर पाया गया कि दुकान में रखे गए VALVOLINE ब्रांड के उत्पाद मूल उत्पादों की अवैध एवं भ्रामक नकल थे। उत्पादों पर अंकित वेबसाइट, कस्टमर केयर नंबर तथा पैकेजिंग में भी कई त्रुटियां पाई गईं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 06 भरे हुए ऑयल ड्रम एवं 03 खाली ड्रम, कुल अनुमानित मूल्य ₹1,08,300 का माल जब्त किया। आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 174/2026 के तहत धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम एवं धारा 103, 104 ट्रेडमार्क अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से नकली ब्रांडेड उत्पादों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी तथा उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित होगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक फूलसिंह, महिला आरक्षक प्रीति मिश्रा तथा आरक्षक आशीष तिवारी एवं नीरज की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें