सागर
जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना करने से नाराज बदमाशों ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने बुजुर्ग के बाएं कंधे के पास चाकू घोंप दिया, जो शरीर में ही धंसा रह गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात बड़ी माता मंदिर क्षेत्र निवासी बुजुर्ग से करीब पांच युवकों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में चाकू बुजुर्ग के कंधे में धंस गया।
घटना के बाद घायल बुजुर्ग लहूलुहान हालत में सड़क पर पैदल चलते दिखाई दिए। राहगीरों ने उन्हें देखकर मदद की और तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
मामले का वीडियो सामने आने के बाद मोतीनगर पुलिस सक्रिय हो गई है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर घायल के बयान दर्ज कर रही है। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।









