सागर
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में सागर शहर को देश के अग्रणी शहरों में शामिल कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम टीम के साथ राजघाट चौराहा एवं कटरा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खुले में कचरा फेंकने और सी एंड डी वेस्ट सड़क पर डालकर शहर की स्वच्छता प्रभावित करने वाले दुकानदारों एवं नागरिकों पर चालानी कार्रवाई की गई।
राजघाट चौराहा पर चौरसिया पान भंडार एवं फल विक्रेता द्वारा गंदगी फैलाने पर 500-500 रुपये तथा सुरेन्द्र कुर्मी द्वारा सड़क पर सी एंड डी वेस्ट डालने पर 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया। साथ ही सड़क किनारे अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने एवं संबंधित सफाई दरोगा को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
कटरा बाजार क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान वन टू कलेक्शन द्वारा सड़क पर खुले में कचरा डालते पाए जाने पर 2500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। निगमायुक्त ने संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को भविष्य में कचरा डस्टबिन में एकत्रित कर नगर निगम की कचरा गाड़ी को ही देने की सख्त हिदायत दी।
निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा प्रतिदिन सुबह एवं रात्रि पाली में नियमित सफाई कराई जा रही है, ताकि शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिल सके। उन्होंने सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपने यहां डस्टबिन रखने तथा कचरा इधर-उधर न फेंकने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार चालानी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग करे तथा स्वच्छता फीडबैक देकर सागर को स्वच्छ सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान दिलाने में भागीदारी निभाए।









