रिपोर्टर: शिंभू सिंह शेखावत
मारवाड़ जंक्शन। लगभग 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पाली से मारवाड़ जंक्शन होते हुए कोटा के लिए सीधी रोडवेज बस सेवा सोमवार से पुनः शुरू हो गई। बस के मारवाड़ जंक्शन पहुंचने पर नगरवासियों एवं जय श्री कृष्णा साईं दर्शन हेल्पलाइन ग्रुप द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
ग्रुप के मुख्य प्रबंधक देवेंद्र सिंह मीणा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने बस चालक एवं परिचालक गौरी शंकर मीणा का माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने रोडवेज अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया।
देवेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि नई एक्सप्रेस बस सेवा पाली से मारवाड़ जंक्शन, राणावास, डिंगोर, करमाल चौराहा, देवगढ़, करेड़ा, भीलवाड़ा, त्रिवेणी, बिजौलिया और डाबी होते हुए कोटा तक संचालित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस बस सेवा की मांग लंबे समय से जय श्री कृष्णा साईं दर्शन हेल्पलाइन ग्रुप द्वारा की जा रही थी। सेवा शुरू होने से क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। कोटा के लिए पुनः रोडवेज बस सेवा प्रारंभ होने पर नगरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पाली आगार प्रबंधक एवं रोडवेज प्रशासन का आभार जताया।










