FSTP प्लांट पहुंचकर AEN मामराज जाखड़ ने किया औचक निरीक्षण, अपशिष्ट से बन रही खाद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नीमकाथाना

नगर पालिका नीमकाथाना क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से शनिवार को सहायक अभियंता मामराज जाखड़ ने फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (FSTP) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सहायक अभियंता मामराज जाखड़ ने बताया कि नगर पालिका द्वारा आमजन की सुविधा के लिए आधुनिक सीवर सक्शन मशीन संचालित की जा रही है। इस मशीन के माध्यम से गटर एवं कुई की गाद निकालने का कार्य तेज, सुरक्षित और स्वच्छ तरीके से किया जा रहा है।

नगर पालिका प्रशासन ने बताया कि नागरिक मात्र 1100 रुपये की रसीद कटवाकर घर बैठे गटर एवं कुई सफाई की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं। मशीन के माध्यम से एकत्रित फीकल स्लज को FSTP प्लांट तक पहुंचाया जाता है, जहां वैज्ञानिक पद्धति से उसका उपचार कर उच्च गुणवत्ता की जैविक खाद तैयार की जाती है।

पालिका के अनुसार इस व्यवस्था से एक ओर नागरिकों को कम लागत में आधुनिक सफाई सुविधा मिल रही है, वहीं दूसरी ओर अपशिष्ट का उचित प्रबंधन कर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

नगर पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे खुले में अथवा अनधिकृत निजी टैंकरों के माध्यम से गंदगी का निस्तारण न कराएं। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए पालिका की इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा FSTP प्लांट को सफल बनाने में सहयोग करें।

Leave a Comment

और पढ़ें